मोहाली: पंजाब के लोगों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। पिछले कुछ दिनों से उमस और तपती गर्मी ने जो हाल किया था, उससे राहत मिलने की उम्मीद जग गई है। पंजाब और चंडीगढ़ में मानसून तो एक्टिव है, लेकिन ये अब तक थोड़ा सुस्त चल रहा था। लोग बारिश की उम्मीद लगाए बैठे थे, पर बादल आते और बिना बरसे निकल जाते। लेकिन अब मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि अब असली खेल शुरू होगा और आने वाले कुछ दिन राज्य के लिए काफी गीले रहने वाले हैं।
चंडीगढ़ मौसम विभाग ने रविवार (5 जुलाई) के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग की मानें तो अब सिर्फ बारिश ही नहीं, बल्कि गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा है।
सबसे बड़ी बात ये कि हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिसका मतलब है कि तेज आंधी के साथ बारिश का दौर शुरू होने वाला है। 8 जुलाई तक पंजाब और चंडीगढ़ में भारी बारिश की प्रबल संभावना जताई गई है।
इन 12 जिलों में अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने राज्य के 12 जिलों को खास तौर पर अलर्ट पर रखा है। अगर आप इन इलाकों में रहते हैं, तो सावधानी बरतें।
जिन जिलों में बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी दी गई है, उनमें शामिल हैं:
- पठानकोट, गुरदासपुर और अमृतसर
- होशियारपुर, नवांशहर और कपूरथला
- जालंधर, लुधियाना और फतेहगढ़ साहिब
- रूपनगर, पटियाला और मोहाली
जून में बारिश का रहा भारी टोटा
अगर आंकड़ों पर नजर डालें तो पता चलता है कि पंजाब में मानसून की एंट्री थोड़ी फीकी रही। जून के महीने में बारिश की भारी कमी देखी गई।
1 जून से 1 जुलाई के बीच राज्य में कुल 30.8 मिमी बारिश हुई, जबकि सामान्य तौर पर इस दौरान 58.1 मिमी बारिश होनी चाहिए थी। यानी जून में करीब 47% कम बारिश दर्ज की गई।
पिछले 24 घंटों की बात करें तो मानसून और भी कमजोर नजर आया, जहां औसत बारिश सिर्फ 0.1 मिमी रही। लुधियाना में सबसे ज्यादा 1 मिमी बारिश हुई, जबकि अमृतसर, जालंधर और पटियाला जैसे बड़े शहरों में बूंद भर पानी नहीं गिरा।
खेती के लिए अच्छी खबर
मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल का कहना है कि भले ही मानसून में थोड़ी देरी हुई, लेकिन अब स्थिति बेहतर है। उनका मानना है कि 5 जुलाई के बाद हिमाचल प्रदेश और उत्तर हरियाणा की सीमाओं से सटे जिलों में भारी बारिश होगी।
इससे तापमान में गिरावट आएगी और मौसम खुशनुमा हो जाएगा। सबसे राहत की बात यह है कि यह बारिश खेती-बाड़ी के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगी।
जुलाई के महीने में बीच-बीच में रुक-रुक कर बारिश होने की उम्मीद है, जिससे किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।
अगले तीन दिनों का हाल
मौसम विभाग ने आने वाले तीन दिनों का पूरा खाका खींच दिया है। 6 जुलाई को राज्य के लगभग सभी प्रमुख जिलों, जिनमें पठानकोट से लेकर बठिंडा तक के इलाके शामिल हैं, वहां हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट है।
7 जुलाई को भी यही सिलसिला जारी रहने की संभावना है, जिसमें मोहाली, लुधियाना, पटियाला और फिरोजपुर समेत अधिकतर जिलों में बादल बरस सकते हैं। वहीं 8 जुलाई को भी पठानकोट, अमृतसर, जालंधर, बठिंडा और मोगा जैसे जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया गया है।




































