कैलिफोर्निया: कल्पना कीजिए कि आप टीवी देख रहे हैं और अचानक पता चले कि जिस सब्सक्रिप्शन के लिए आपने सालों से मोटी रकम चुकाई, उसमें कुछ गड़बड़ थी और अब कंपनी आपको उसके पैसे वापस करने को तैयार है। जी हां, डिज्नी (Disney) के साथ कुछ ऐसा ही हुआ है। डिज्नी ने करीब 50 मिलियन डॉलर (करीब 420 करोड़ रुपये) का भुगतान करने का फैसला किया है। यह पैसा उन लोगों को मिलेगा जो यूट्यूब टीवी (YouTube TV) और डायरेक्ट टीवी स्ट्रीम (DirecTV Stream) के सब्सक्राइबर रहे हैं।
अब आप सोच रहे होंगे कि यह पूरा मामला क्या है और क्या आपको भी इस पैसे का हिस्सा मिलेगा? दरअसल, यह पूरी कहानी एक क्लास एक्शन लॉ सूट (Class Action Lawsuit) से जुड़ी है। आरोप यह था कि डिज्नी ने अपनी ताकत का इस्तेमाल करके ग्राहकों की जेब ढीली करवाई।
आखिर मामला क्या था?
पूरा पंगा यह था कि डिज्नी पर आरोप लगा कि उसने एंटीट्रस्ट और कंज्यूमर प्रोटेक्शन कानूनों का उल्लंघन किया है। आसान भाषा में कहें तो, आरोप यह था कि डिज्नी ने यूट्यूब टीवी और डायरेक्ट टीवी स्ट्रीम जैसे प्लेटफॉर्म्स को मजबूर किया कि वे ESPN और अन्य प्रीमियम चैनलों को बेसिक पैकेज में ही रखें।
अब जब प्रीमियम चैनल बेसिक पैकेज का हिस्सा बन गए, तो कंपनियों ने सब्सक्रिप्शन की कीमतें बढ़ा दीं। नतीजा यह हुआ कि आम ग्राहकों को महंगे बंडल खरीदने पड़े, भले ही उन्हें उन सभी चैनलों की जरूरत न हो।
जिन लोगों को स्पोर्ट्स में दिलचस्पी नहीं थी, उन्हें भी ESPN के लिए एक्स्ट्रा पैसे देने पड़े क्योंकि कोई सस्ता विकल्प मौजूद ही नहीं था।
हालांकि, डिज्नी ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। कंपनी का कहना है कि उसने कुछ गलत नहीं किया।
लेकिन कानूनी लड़ाई को लंबा खींचने के बजाय, डिज्नी ने इस मामले को सेटलमेंट के जरिए सुलझाने का फैसला किया है। इसका मतलब यह नहीं है कि डिज्नी ने अपनी गलती मानी है, लेकिन ग्राहकों को मुआवजा देने के लिए वह तैयार हो गया है।
किसे मिलेगा यह पैसा?
अगर आप सोच रहे हैं कि क्या आप भी इस 50 मिलियन डॉलर के फंड का हिस्सा बन सकते हैं, तो इसकी एक खास समय सीमा (Time Period) है। अगर आप 1 अप्रैल 2019 से लेकर 31 मार्च 2026 के बीच किसी भी समय यूट्यूब टीवी या डायरेक्ट टीवी स्ट्रीम के सब्सक्राइबर रहे हैं, तो आप क्लेम कर सकते हैं।
दिलचस्प बात यह है कि अगर आपने अपनी सब्सक्रिप्शन बीच में ही छोड़ दी थी, तब भी आप इस मुआवजे के हकदार हो सकते हैं, बशर्ते आप उस समय सीमा के दौरान यूजर रहे हों। लेकिन यहाँ एक ट्विस्ट है।
अगर आप FuboTV के यूजर हैं, तो फिलहाल आपके लिए कोई खुशखबरी नहीं है। FuboTV के यूजर्स भी इस केस का हिस्सा थे, लेकिन उनका सेटलमेंट अभी तक नहीं हुआ है।
उनकी कानूनी लड़ाई अभी भी जारी है, इसलिए उन्हें इंतजार करना होगा।
भविष्य में क्या बदलेगा?
पैसे देने के अलावा, डिज्नी ने एक और बड़ी बात मानी है। अब कंपनी ऐसे चैनल पैकेजों के प्रस्तावों पर विचार करेगी जिनमें ESPN न हो या डिज्नी के कम चैनल हों।
इसका सीधा फायदा उन लोगों को होगा जो स्पोर्ट्स फैन नहीं हैं। अब उन्हें ऐसे सस्ते पैकेज मिल सकेंगे जो उनके बजट और जरूरत के हिसाब से हों, न कि जबरदस्ती थोपे गए महंगे बंडल।
क्लेम कैसे करें?
अगर आप पात्र हैं और अपना हिस्सा पाना चाहते हैं, तो इसका प्रोसेस काफी सिंपल रखा गया है। इसके लिए आपको आधिकारिक वेबसाइट https://onlinetvsettlement.com पर जाना होगा।
वेबसाइट पर जाने के बाद 'Submit a Claim' टैब पर क्लिक करें। वहां आपसे एक यूनिक आईडी (Unique ID) मांगी जाएगी, जो आपको ईमेल या नोटिफिकेशन के जरिए मिली होगी।
बस उस आईडी को डालकर आप अपना क्लेम प्रोसेस कर सकते हैं।




































