मुंबई: फिल्मी दुनिया की चकाचौंध के पीछे कई बार ऐसे किस्से भी दबे होते हैं, जिनकी गूंज सालों तक सुनाई देती है। ऐसा ही एक किस्सा है गोविंदा के परिवार का, जहां सालों से चल रहा मनमुटाव अब फिर से सुर्खियों में आ गया है। इस बार दावा खुद ‘चीची भैया’ की पत्नी सुनीता आहूजा ने किया है, और दावा ऐसा कि सुनने वाले भी चौंक गए हैं। सुनीता ने बताया है कि कृष्णा अभिषेक की पत्नी और एक्ट्रेस कश्मीरा शाह ने उनसे पैर पर गिरकर रोते हुए माफी मांगी थी, जिसके बाद उनकी 15 साल पुरानी तकरार खत्म हुई।
मामला तब और गरमा गया जब सुनीता के इस बयान के बाद कृष्णा अभिषेक और कश्मीरा शाह का रिएक्शन भी सामने आया। उनकी बातें सुनकर लग रहा है कि अभी भी इस परिवार की रार पूरी तरह से खत्म नहीं हुई है, या फिर सुलह की कहानी कुछ और है।
हाल ही में रियलिटी शो ‘लॉक अप’ में सुनीता आहूजा को-कंटेस्टेंट माधुरी के साथ बात कर रही थीं। उन्होंने भांजे कृष्णा से पैच-अप होने पर कहा, “लाफ्टर शो में जो मेरे राइटर ने लिखकर दिया, मैंने वही कहा था।
शो में मेरा और कृष्णा का 15 साल बाद पैच-अप हुआ। उसके बच्चे 9 साल के हो गए, मैंने देखे नहीं थे, जबकि मैंने उसको (कृष्णा) पाल-पोसकर बड़ा किया है।
”
कश्मीरा ने सुनीता के पैरों पर गिरकर मांगी माफी?
सुनीता यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने आगे जो कहा, वो अब चर्चा का विषय बन गया है।
सुनीता ने दावा किया, “कश्मीरा एक अच्छी लड़की है। पैर पर गिरकर रो-रोकर माफी मांगी है।
मैं भी रोने लगी थी। मैं उन्हें 14 साल बाद देख रही थी।
कश्मीरा मेरे पैरों पर थी और बोल रही थी कि मुझे माफ कर दीजिए, मुझसे गलती हो गई।” इस दावे ने एक बार फिर सभी को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि क्या सचमुच परिवार में अब सब कुछ ठीक हो गया है?
कृष्णा और कश्मीरा का क्या है कहना?
सुनीता के इस बयान के बाद लाफ्टर शो के सेट पर कृष्णा अभिषेक और कश्मीरा से पूछा गया कि क्या वो ‘लॉक अप’ शो देख रहे हैं। इस पर कृष्णा ने गोलमोल जवाब दिया और कहा, “लॉक अप देखा, बहुत अच्छा शो है, मामी बहुत बढ़िया कर रही हैं।
हमारे बारे में भी बात की। होता ही है, अभी देखो न, मैं शो में मामा-मामी (गोविंदा-सुनीता) के बारे में बात करता ही हूं।
वो वहां हमारे बारे में बात कर रही हैं।” कृष्णा की इन बातों से साफ हो गया कि वो सुनीता के दावे को न तो पूरी तरह खारिज कर रहे हैं और न ही खुलकर कुछ कह रहे हैं।
उनकी बातों में कहीं न कहीं उस पुरानी तकरार की झलक अभी भी दिखाई दे रही है, जिसे खत्म करने की बात सुनीता कर रही हैं।
इस विवाद की जड़ कहां है?
गोविंदा-सुनीता और कृष्णा-कश्मीरा के बीच मनमुटाव का इतिहास काफी लंबा रहा है। यह मामला साल 2018 में तब सार्वजनिक हो गया था जब कश्मीरा शाह के एक बयान ने आग में घी डालने का काम किया था।
याद है आपको? 2018 में गोविंदा का एक शादी में डांस करते हुए वीडियो वायरल हुआ था। इस पर बिना नाम लिए कश्मीरा शाह ने सोशल मीडिया पर लिखा था, “कुछ एक्टर्स चंद रुपए के लिए शादियों में नाचते हैं।
” इस बयान को गोविंदा पर कटाक्ष माना गया और बस यहीं से तकरार का सिलसिला तेज हो गया।
जब सुनीता ने कश्मीरा को कहा ‘खराब बहू’
कश्मीरा के बयान के बाद सुनीता आहूजा भी कहां चुप रहने वाली थीं। उन्होंने एक इंटरव्यू में बिना नाम लिए कश्मीरा को 'खराब बहू' तक कह दिया।
सुनीता ने कहा, “मैं बुरी चीजों पर रिप्लाई नहीं करना चाहती लेकिन मां की तरह देखभाल करने के बावजूद ये लोग इतना खराब बिहेव कर रहे हैं। घर में परेशानियां तब शुरू हुईं जब हम खराब बहू लेकर आए।
मैं किसी का नाम नहीं लेना चाहती। मेरे पास लाइफ में करने के लिए बहुत काम हैं।
मैं अपने पति गोविंदा का काम संभालती हूं। मुझे ऐसी वाहियात चीजों में नहीं पड़ना।
” सुनीता के इस बयान ने विवाद को और गहरा कर दिया था।
‘कौन है सुनीता?’ कश्मीरा ने दिया था जवाब
सुनीता के 'खराब बहू' कहे जाने के बाद कश्मीरा भी शांत नहीं बैठीं। कुछ समय बाद उन्होंने गोविंदा और सुनीता को लेकर कहा कि वो दोनों उनकी लाइफ में पिछले पांच साल से एग्जिस्ट ही नहीं करते।
कश्मीरा ने तंज कसते हुए ये भी कहा था कि वो एक्टर की पत्नी के तौर पर नहीं पहचानी जाती हैं, बल्कि उन्होंने अपने दम पर अपना मुकाम हासिल किया है। कश्मीरा ने उस समय सवाल उठाया था, “ये सुनीता कौन है?” इस बयान से साफ था कि दोनों परिवारों के बीच की खाई लगातार गहरी होती जा रही थी।
कपिल शर्मा शो से लेकर ‘शक्ल नहीं देखूंगी’ तक
इस बीच जब गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता 'द कपिल शर्मा शो' में मेहमान बनकर पहुंचे तो कृष्णा उस एपिसोड की शूटिंग में नहीं पहुंचे। कृष्णा के शो से गायब होने पर सुनीता ने एक इंटरव्यू में यहां तक कह दिया था कि वो दोबारा कृष्णा की कभी शक्ल नहीं देखना चाहतीं।
उस समय यह लग रहा था कि दोनों परिवारों के बीच अब सुलह की कोई गुंजाइश नहीं बची है।
'लाफ्टर शेफ' पर हुआ था 'पहला' पैच-अप?
हालांकि, इस पूरी कहानी में एक ट्विस्ट तब आया, जब अप्रैल में सुनीता आहूजा, सेलिब्रिटी कुकिंग शो ‘लाफ्टर शेफ’ के सेट पर पहुंचीं। वहां उन्होंने कृष्णा अभिषेक-कश्मीरा शाह से चल रहे सालों पुराने झगड़े पर विराम लगा दिया।
इस दौरान कृष्णा अभिषेक उन्हें दंडवत प्रणाम करते दिखे। तब लगा था कि 15 साल की तकरार अब सचमुच खत्म हो गई है।
लेकिन ‘लॉक अप’ में सुनीता के ताजा दावे ने एक बार फिर इस परिवार की सुलह की कहानी को चर्चा में ला दिया है। क्या वाकई कश्मीरा ने माफी मांगी थी? या ये बस एक शो का हिस्सा था? ये तो वक्त ही बताएगा, लेकिन इतना तय है कि गोविंदा के परिवार की ये कहानी अभी और करवट लेगी।

